कैंसर और थैलेसीमिया जागरूकता के लिए जीतो लेडीज़ विंग ने निकाली कार रैली
'ड्राइव विद पर्पस' में 130 कारों के साथ सड़कों पर उतरीं 200 से अधिक महिलाएं

उज्जैन। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जीतो लेडीज़ विंग उज्जैन द्वारा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “ड्राइव विद पर्पस” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रेरणादायक आयोजन में 200 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लगभग 130 कारों के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों पर जागरूकता रैली निकाली।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज को कैंसर एवं थैलेसीमिया जैसी बीमारियों के प्रति सचेत करना तथा समय पर जांच और उपचार का संदेश देना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलावती यादव, डॉ. सतिंदर कौर सलूजा, डॉ. आकांक्षा यादव, डॉ. जूही भटनागर, डॉ. अंशु घोष और ओम जैन सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया, जिसके बाद कारों का काफिला स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ शहर में निकला। रैली के समापन पर आयोजित जागरूकता सत्र में डॉ. सतिंदर कौर सलूजा, डॉ. जूही भटनागर और डॉ. अंशु घोष ने महिलाओं को कैंसर और थैलेसीमिया से बचाव, नियमित जांच और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के महत्वपूर्ण तकनीकी सुझाव दिए।
आयोजन की सफलता पर जीतो लेडीज़ विंग उज्जैन की चेयरपर्सन मंजू सूर्या ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और सहभागी महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम अनिवार्य हैं और भविष्य में भी संस्था द्वारा सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।



