हास्य व्यंग्य के पैरासिटामोल थे पं. ओम व्यास, कवियों को पहनाया सींगों का ताज
लक्ष्मण रामपुरी को कॉकरोच सम्मान और पं. अशोक शर्मा मृदुल को मिला धुरंधर हास्य अलंकरण, उज्जैन में होगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

उज्जैन। ओम हास्याय नमः संस्था द्वारा हास्याचार्य व हास्याधीश पंडित ओम व्यास ओम की जन्म जयंती पर ठहाकों से भरपूर हास्यांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में रामपुर के हास्य कवि लक्ष्मण रामपुरी को ओम स्मृति कॉकरोच सम्मान और नागदा के पंडित अशोक शर्मा मृदुल को धुरंधर हास्य अलंकरण से नवाजा गया। अतिथियों ने कवियों को कॉकरोच एवं मेंढक की माला और सींगों का ताज पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी थे। अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अर्जुन सिंह चंदेल ने की और विशेष अतिथि नगर निगम के पूर्व सभापति प्रकाश चित्तौड़ा रहे। डॉ. रवि सोलंकी ने कहा कि ओम व्यास ओम हास्य व्यंग्य के पैरासिटामोल थे। चोटी के कवि ओम व्यास हास्य का चलता-फिरता ट्रैक्टर थे। उन्होंने कहा कि आगामी समय में ओम व्यास ओम की स्मृति में आयोजित किया जाने वाला अखिल भारतीय कवि सम्मेलन उज्जैन में ही आयोजित होगा। अतिथियों का स्वागत प्रेमचंद सृजन पीठ के निदेशक मुकेश जोशी, डॉ. रवि ठक्कर, रिटायर्ड डीएसपी प्रवीण सिंह ठाकुर, सुगनचंद जैन और दिनेश विजयवर्गीय ने किया।
संस्था के संयोजक स्वामी मुस्कुराके शैलेंद्र व्यास ने सूत्रधार के रूप में हास्य व्यंग्य के माध्यम से ठहाके लगाते हुए कहा कि बंद सभी धंधे कर दो, फुर्सत में बंदे कर दो, स्वामी मुस्कुराके की बात मान लो सात दिवस का संडे कर दो। समारोह में हास्य व्यंग्य की पिचकारी ठहाकों से युक्त होकर चली, जिसमें हास्य कवि सुरेंद्र सर्किट ने कहा कि जिंदगी के लिए जान जरूरी है, जीने के लिए अरमान जरूरी है, हमारे पास चाहे जितने गम हो, आपके चेहरे पर मुस्कान जरूरी है। कवि कुमार संभव ने गीत गाते हुए कहा कि चांद सूरज भी ढल जाएगा, वक्त के हाथों छला जाएगा, नफरतें छोड़ दो दुनिया वालों, जाने कब कौन चला जाएगा।
कॉकरोच अलंकरण से सम्मानित लक्ष्मण रामपुरी ने बुलंद आवाज में कहा कि कर उद्घोष भवानी का, हम जय महाकाल उच्चारेंगे, फिर जितने भी अफजल निकले हम उतने अफजल मारेंगे। धुरंधर हास्य अलंकरण से सम्मानित पंडित अशोक शर्मा मृदुल ने कहा कि कभी हौसला देती है, कभी गम देती है, कभी मोहब्बत कभी वहम देती है, अजब गजब है महिलाओं का रिवाज कभी हाला तो कभी आबे जमजम देती है। मालवी के रंग जमाते हुए विक्रम विवेक ने सुनाया कि मालव-माटी पग पखारे, जग में फैली परसिद्धि, बड़ा गणपति लाड़ू देवे, और आसीस माता हरसिद्धि, तो काल होण का काल, ज्योतिर्लिंग महाकाल सरकार है और अवंतिका उज्जैनी में आपको अभिनंदन बारम्बार है।
राजेंद्र सिंह सोलंकी ने व्यंग्य का तीर चलाते हुए कहा कि कैसी है इनकी नीयतें कैसी है इनकी सोच, बनना था इनको शेर, ये बन बैठे कॉकरोच, मां भारती की शान में ये गुस्ताखी कर रहे, बदनाम हो जाए वो, ये ना कर रहे संकोच। अंतर्राष्ट्रीय हास्य कवि दिनेश दिग्गज ने फुरसतिया एवं बड़लो भाषण दिया और मित्रता की महक को बनाए रखने की बात कही। ठहाकों और तालियों के साथ बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर प्रवीण मेहता, विजय शर्मा, गोपी, दुर्गेश विजयवर्गीय, सुजल बामने, कवि दिनेश अनल, राजेंद्र जैन, केसी खंडेलवाल, भूषण जैन, अर्थ वर्मा, सेजमल कछवाय, अजय आगरकर, प्रफुल्ल शुक्ला सरकार, अजीत पोरवाल, अनिल पांचाल, धन सिंह, भगवानदास शारड़ा, लोचन शर्मा और बीएन शर्मा ने श्रद्धांजलि प्रदान की।


