धर्म-कर्म
उज्जैन में पहली बार जुटेंगे देशभर के 2000 आराधक, भव्य नवपद ओली आराधना महोत्सव की पत्रिका का हुआ मुहूर्त
प.पू. आचार्य विश्वरत्नसागरसूरिश्वरजी म.सा. की निश्रा में 24 मार्च से शुरू होगा आयोजन, 31 मार्च को विक्की डी पारिख की होगी भजन संध्या

उज्जैन। प.पू. आचार्य विश्वरत्नसागरसूरिश्वरजी म.सा. की पावन निश्रा में शहर के इतिहास में पहली बार भव्य नवपद ओली आराधना महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर से लगभग 2000 आराधक शामिल होंगे। इस आयोजन की पत्रिका का आज विधिवत मुहूर्त किया गया।
कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट संजय नाहर ने बताया कि यह आयोजन श्री ऋषभदेव छगनीराम पेढ़ी ट्रस्ट, खाराकुंआ पर आयोजित होगा। संपूर्ण आयोजन का लाभ बाबूलाल धनराजजी डोडिया गांधी परिवार धुंबडिया (राजस्थान) व अहमदाबाद (गुजरात) को प्रदान किया गया है।
24 मार्च से शुरू होगा आयोजन
24 मार्च को पूज्य गुरुदेव विश्वरत्नसागरजी म.सा. आदि साधु-साध्वी भगवंतों, समस्त आराधकों, श्रीसंघों और महिला मंडलों के साथ श्री अवंति पार्श्वनाथ तीर्थ दानीगेट से प्रवेश के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। प्रवेश का सामैया कार्यक्रम स्थल झालरिया मठ पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित होगा और तपस्वियों का सूर्यास्त पूर्व धारणा का कार्यक्रम संपन्न होगा।
25 मार्च से 2 अप्रैल तक होगी आराधना
25 मार्च 2026 से 2 अप्रैल 2026 तक नवपद ओली की आराधना होगी। इसके अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 5:00 बजे से धार्मिक क्रियाएं प्रारंभ होंगी, जिनमें नियमित रूप से प्रतिक्रमण, आयंबिल, प्रवचन, वंदनावली, प्रभुभक्ति और भव्य आरती आदि कार्यक्रम होंगे। 31 मार्च को महावीर स्वामी जन्मकल्याणक के अवसर पर रात्रि में मुंबई के ख्यात संगीतकार विक्की डी पारिख की भजन संध्या कंसर्ट के रूप में आयोजित होगी, जिसमें संपूर्ण जैन समाज और विशेषकर युवा वर्ग उपस्थित रहेगा।
भगवान और गुरु भगवंतों को दिया गया आमंत्रण
इस भव्यातिभव्य ओली आराधना को लेकर श्वेताम्बर जैन समाज में अपार उत्साह है। पत्रिका का मुहूर्त कर कीर्तिरत्नसागरजी म.सा. द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ सिद्धचक्र भगवान, मूलनायक श्री ऋषभदेव भगवान, केसरियानाथ दादा, महावीर स्वामी, गुरु गौतम स्वामी तथा पूज्य गुरुदेव नवरत्नसागरसूरिश्वरजी म.सा., अधिष्ठायक देव मणिभद्रवीर व घंटाकर्ण महावीर स्वामी को आमंत्रण दिया गया। साथ ही शहर के अन्य मंदिरों अवंति पार्श्वनाथ भैरवगढ़ और शीतलनाथ मंदिर फ्रीगंज में पत्रिका अर्पण कर सभी भगवान, अधिष्ठायक देव और गुरु भगवंतों को आमंत्रित किया गया।
आयोजन में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर ऋषभदेव छगनीराम पेढ़ी ट्रस्ट की ओर से नरेन्द्र जैन, सुदीप धींग, निलेश सिरोलिया, छोटे साथ ओसवाल समाज से संजय जैन खली, नवरत्न परिवार से अमित भंसाली, श्रीपाल राजावत, नाकोड़ा दरबार से रूपेश नाहर, अभ्युदयपुरम तीर्थ से ब्रजेश जैन विधिकारक, राहुल कटारिया, सौरभ जैन और कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट संजय नाहर उपस्थित थे। लाभार्थी परिवार की ओर से शैलेश जैन ने सभी समाजजनों से कार्यक्रमों में पधारने का निवेदन किया है।



