लघुवेतन कर्मचारी संघ ने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने उठाई आवाज
अर्जित अवकाश के नगदीकरण और विनियमित कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग, प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के नाम दिया मांग पत्र

उज्जैन। मध्य प्रदेश लघुवेतन कर्मचारी संघ की जिला शाखा द्वारा बुधवार को 54 विभागों के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। संघ के जिलाध्यक्ष हेमराज घावरी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम यह ज्ञापन कलेक्टर की अनुशंसा पर भू-अभिलेख अधीक्षक मोगरे को दिया गया।
संघ की प्रमुख मांगों में अंशकालीन, आउटसोर्स और कार्यभारित कर्मचारियों को अर्जित अवकाशों का नकद भुगतान करना मुख्य रूप से शामिल है। इसके साथ ही विनियमित कर्मचारियों को स्थायी करने सहित कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे इस मांग पत्र के माध्यम से उठाए गए हैं।
जिला मीडिया प्रभारी रवि चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष हेमराज घावरी के साथ जिला सचिव मुकेश रायकवार, जिला उपाध्यक्ष दिनेश लावरे, आउटसोर्स कर्मचारी संघ के संभागीय अध्यक्ष गुलशन मंसूरी, वरिष्ठ सलाहकार भैरुलाल मालवीय, जिला सहायक सचिव सुनील खत्री, जिला उपाध्यक्ष भारती झांजोट, जिला उपाध्यक्ष कैलाश मालवीय, जिला वरिष्ठ सलाहकार चंद्रशेखर निम्बालकर, जिला मंत्री सत्यनारायण मालवीय, जिला उपाध्यक्ष अम्बाराम मालवीय, जिला मंत्री मदनलाल चौहान, कमला बाई, देवकन्या बाई और आशा बाई सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



