Uncategorizedधर्म-कर्म

संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा का समापन, संतों ने लिया सिंहस्थ 2028 में शिप्रा जल से ही स्नान का संकल्प

त्रिशूल शिवगण वाहिनी की धर्म चेतना सभा में शिप्रा को प्रदूषण मुक्त और प्रवाहमान बनाने पर जोर, रामघाट पर जलाए 5100 दीप

उज्जैन। त्रिशूल शिवगण वाहिनी के तत्वावधान में 21 नवंबर से निकाली जा रही चार दिवसीय संपूर्ण शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा का मंगलवार शाम रामघाट स्थित राणोजी की छतरी पर समापन हुआ। समापन अवसर पर आयोजित धर्म चेतना सभा में साधु-संतों ने एक स्वर में आवाज उठाई कि शिप्रा नदी को पूरी तरह प्रदूषण मुक्त और प्रवाहमान बनाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जाए, क्योंकि श्रद्धालु केवल शिप्रा के जल में स्नान करने आएंगे। संतों ने संकल्प लिया कि सिंहस्थ 2028 का कुंभ स्नान शिप्रा के ही जल में होगा। इस दौरान एक दिया शिप्रा के नाम अभियान के तहत घाटों पर 5100 दीप प्रज्वलित किए गए।

धर्म चेतना सभा को महामंडलेश्वर शांतिस्वरूपानंद, महामंडलेश्वर शैलेशानंद गिरि, श्रीमहंत नीलेश्वर पुरी, महंत ज्ञानेश्वरी पुरी, महंत मनोरमा भारती और हरिनारायण शास्त्री ने संबोधित किया। संस्थापक सुरेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि यात्रा में ऐसे कई प्रबुद्ध और बुजुर्ग लोगों ने भाग लिया, जिन्होंने शिप्रा को कल-कल बहते हुए देखा है, इसलिए नदी की वर्तमान स्थिति को तत्काल सुधार कर सिंहस्थ के लिए तैयार करने की आवश्यकता है। संस्थापक एवं पूर्व अपर कमिश्नर त्रिशूलपाणि आदित्य नागर ने कहा कि शिप्रा को प्रवाहित करने के लिए जलस्तर बढ़ाना होगा और इसके लिए वृहद स्तर पर जल संरचनाएं बनानी होंगी। यदि सड़कों के निर्माण की तरह तालाबों को खोदने के लिए भी किसानों की जमीन अधिग्रहित की जाए या उन्हें मुआवजा दिया जाए, तो यह किसानों के हित में होगा और नदी भी प्रवाहमान हो सकेगी। उन्होंने बताया कि शिप्रा को प्रवाहमान बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिसे एक माह के अंदर प्रसारित किया जाएगा। इस कार्ययोजना को पूरा करने के लिए ज्योतिषपीठ शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज 1008 के निर्देशानुसार जनजागरण और मैदानी कार्य किया जाएगा।

यात्रा में मध्य प्रदेश और उज्जैन से बाहर के भी श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिनका संत समाज द्वारा सम्मान किया गया। इनमें झूसी प्रयागराज से ओम दास महाराज, हरिद्वार से सुनीता पाठक व रामकुमार शुक्ला, आगरा से लघु राज सिंह व रिटायर्ड फौजी मीना सिंह, मथुरा-वृंदावन से धर्म यात्रा महासंघ ब्रज प्रांत उत्तर प्रदेश के तीर्थ प्रांत संयोजक ललित कुमार शाह, हाथरस से चेतन कुमार शाह और दिल्ली से ओम प्रकाश मिश्रा व सविता मिश्रा शामिल हुए। इनके अलावा देवास से दिनेश नागर व अनिता नागर, रतलाम से लता रावल व कला रावल, गुना से अखिल भारतीय ब्राह्मण परिषद के प्रदेश अध्यक्ष नर्मदा शंकर भार्गव, अजय त्रिपाठी, दामोदर शर्मा, विमल भार्गव, दीपू ओझा व नंदकिशोर भार्गव, शाजापुर से सतीश नागर व उर्मिला नागर सहित रतलाम, भोपाल और ग्वालियर से आए श्रद्धालु भी यात्रा में सम्मिलित हुए।

इससे पूर्व 21 नवंबर को यात्रा के शुभारंभ अवसर पर ज्योतिष पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा था कि शिप्रा का जल नहीं तो सिंहस्थ नहीं, सरकार शिप्रा को निर्मल और प्रवाहमान करे अन्यथा संत समाज यह कार्य करेगा। शुभारंभ धर्म सभा को जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर ध्यानश्री शैलेशानंद गिरि, महामंडलेश्वर भागवतानंद गिरि, उपनिषद आश्रम के संस्थापक दंडी स्वामी वीतरागानंद सरस्वती, मुनि शरणदास, अखिल भारतीय संत समिति खाकी अखाड़ा के अध्यक्ष महंत विशालदास, जूना अखाड़ा के महंत नीलेश पुरी और मित्रवृंदा धाम के संस्थापक गिरीश गुरु ने संबोधित किया। पहले दिन यात्रा रामघाट से रामानुज कोट, गणगौर दरवाजा, गोपाल मंदिर, कंठाल, नईसड़क, मालीपुरा, चामुंडा माता चौराहा, टावर और तीनबत्ती चौराहा होते हुए देवलघाट ग्राम बोलासा तथा ग्राम शिप्रा व दकनाखेड़ी से होकर शिप्रा उद्गम स्थल उज्जैनी पहुंची, जहां सात नदियों का जल प्रवाहित कर केवडेश्वर धाम में सभा और रात्रि विश्राम हुआ। ग्राम शिप्रा के घाट पर श्रद्धालुओं ने श्रमदान किया। दूसरे दिन 22 नवंबर को जनपद सांवेर के ग्राम सिमरोड घाट पर आयोजित धर्म चेतना सभा में श्रीमहंत विशाल दास, दादर आश्रम के महंत मनीष दास, निर्मोही अखाड़ा के चरण दास महाराज, हनुमान वाटिका के राघवेंद्र दास महाराज और नर्मदा शंकर भार्गव ने जल संरक्षण का संदेश दिया। संचालन विनीत ओझा ने किया और आभार धीरज सिंह ने माना। सांवेर होते हुए यात्रा शाम को दत्तअखाड़ा घाट और उपनिषद आश्रम पहुंची।

तीसरे दिन 23 नवंबर को यात्रा रणजीत हनुमान, ऋणमुक्तेश्वर, कालभैरव और सिद्धनाथ होते हुए उन्हेल स्थित शक्तिपीठ भुवनेश्वरी देवी व शिप्रा-गंभीर संगम स्थल मेलनाथ महादेव पहुंची। यहां आयोजित धर्म चेतना सभा में जूना अखाड़ा के महंत नीलेश्वर पुरी महाराज, निरंजनी अखाड़ा की महंत ज्ञानेश्वरी गिरि, पंचदशनाम अखाड़ा के प्रकाश आनंद महाराज, सोनिया गिरि अघोरी और मारुति महाराज सम्मिलित हुए। पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मंगेश वर्मा ने भुवनेश्वरी देवी शक्तिपीठ और गंभीर-शिप्रा संगम के पौराणिक महत्व की जानकारी दी। उन्हेल नगर पालिका परिषद प्रांगण में क्षेत्र प्रभारी मंगेश वर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष शांतिलाल हल्करा, उपाध्यक्ष अखिलेश गुरु, दिलीप मोदी, मंडल अध्यक्ष राजकुमार जैन, कैलाश विपट, हते सिंह चौधरी, राजेंद्र कुमार जैन, विकास जायसवाल और ओमप्रकाश जैन ने स्वागत किया। मेलनाथ महादेव पर डॉ. विपुल धारीवाल, जहांगीर सोलंकी, गोपाल वर्मा, रवि शर्मा, सरपंच कमल सिंह, वकील पदम सिंह, रेवा शंकर राठौड़, कालू राठौड़, विशाल पटेल, ईश्वर पटेल, कमल किशोर राठौड़, दिलीप राठौड़, पंकज पुरी, संदीप, राहुल, रमेश गुरु हलवाई, रामचंद्र राठौड़, जगदीश राठौड़, मनसुख राठौड़ और जीतू राठौड़ ने अभिनंदन किया।

इसके बाद यात्रा आलोट और रतलाम की मोरिया ग्राम पंचायत होते हुए शिप्रा-चंबल संगम स्थल दीपेश्वर महादेव सिपावरा पहुंची, जहां भजन कार्यक्रम हुआ और करीब 100 यात्रियों ने रात्रि विश्राम कर शिप्रा परिक्रमा व सुबह-शाम महाआरती की। यहां भाजपा मंडल अध्यक्ष हरि सिंह गुर्जर, सरपंच प्रतिनिधि पर्वत सिंह यादव, मंडल मीडिया प्रभारी विनोद सेठिया, वासुदेव पाटीदार, युवा मोर्चा महामंत्री भूपेंद्र देवड़ा, सत्तू सिंह गुर्जर, सोनू पोरवाल, मंडल मंत्री देवीलाल लोहार, मनोहर सिंह कालखेड़ी तथा मंदिर के पुजारी शिवगिरी गोस्वामी, बबलू गोस्वामी, रामपुरी, जीतू प्रजापत और बल्लू प्रजापत ने स्वागत किया। सभी पड़ावों पर शिप्रा आरती व चुनरी अर्पण के साथ नदी में दीप, चुनरी व निर्माल्य सामग्री प्रवाहित न कर घाटों पर ही दीपदान करने और स्वच्छता बनाए रखने का प्रण लिया गया। 24 नवंबर को सिपावरा से महिदपुर घाट, नारायणा धाम, अंगारेश्वर, मंगलनाथ, खाकचौक, केडी गेट, कमरीमार्ग, ढाबारोड, कार्तिक चौक और रामानुज कोट होते हुए यात्रा रामघाट पहुंची। आयोजन में अखिलेश महाराज, अनुपम राम रामस्नेही, सत्यानंद महाराज, राजेश्वर गिरि, राजीव लोचनदास, नीलेशानंद पुरी, काशीदास, वासुदेवानंद, लक्ष्मणदास, कृष्णदास, डॉ. संतोष कुमार पांडे, निशा त्रिपाठी, शैलेश दुबे, रामगोपाल शर्मा, चंद्रशेखर शर्मा, शैलेंद्र द्विवेदी, वीरेंद्र त्रिवेदी, मोहनलाल त्रिवेदी, योगेश शाला, आनंद जोशी, समीक्षा व्यास, अंबिका पंड्या, कीर्ति शर्मा, किरण कांत मेहता, ओमप्रकाश नागर, यशवंत मेहता, संतोष जोशी, संजय जोशी और संजय चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button