संविधान दिवस पर गूंजा स्वभाषा और भारतीय ज्ञान परंपरा का संदेश
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में निज भाषा में हस्ताक्षर का लिया संकल्प

उज्जैन। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में संविधान दिवस पर आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों ने मातृभाषा पर अभिमान करने, ‘इंडिया’ के स्थान पर ‘भारत’ का प्रयोग करने और अपने हस्ताक्षर अपनी ही भाषा में करने का संकल्प लिया। ये तीन प्रमुख संकल्प अतिथि डॉ. राकेश ढांड ने दिलाए। विधि व राजनीति विज्ञान अध्ययनशाला एवं डॉ. आंबेडकर पीठ के संयुक्त तत्वावधान में ‘संविधान में नागरिक कर्तव्य और भारतीय भाषाएं’ विषय पर यह आयोजन हुआ।
मुख्य वक्ता एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास नई दिल्ली के राष्ट्रीय संयोजक ए. विनोद ने कहा कि नई पीढ़ी में संविधान के प्रति जागरूकता के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति उत्तरदायित्व का भाव भी विकसित किया जाना चाहिए। संविधान नागरिकों को अधिकार देने के साथ राष्ट्र, समाज और प्रकृति के प्रति उनके दायित्वों का स्मरण कराता है। व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सामाजिक उत्तरदायित्व एक-दूसरे के पूरक हैं, इसलिए ‘मेरा जीवन, मेरी स्वतंत्रता, मेरी पसंद’ की सोच के साथ दूसरों के अधिकारों और समाज कल्याण के सम्मान की जीवनदृष्टि भी विकसित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य, कालिदास, वररुचि और वराहमिहिर की स्मृतियों से जुड़ी उज्जयिनी प्राचीन काल से ही भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रमुख केंद्र रही है। वराहमिहिर के दक्षिण भारत में गणित और ज्योतिष केंद्र की स्थापना में योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि संस्कारों के विकास से ही संस्कृति बनती है और सनातन के आधार पर भारत को पुनः विश्वगुरु बनना है। भाषा को मनुष्य की पहचान बताते हुए उन्होंने कहा कि यह विडंबना है कि निचले न्यायालयों में भारतीय भाषाएं सक्षम मानी जाती हैं, किंतु उच्च और उच्चतम न्यायालयों में उन्हें यह स्थान प्राप्त नहीं है। इसके लिए हमें अपनी मानसिकता बदलनी होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने कहा कि वर्ष 1956 में भाषा के आधार पर राज्यों का गठन एक संकीर्ण नजरिया था। एक गौरवशाली राष्ट्र के निर्माण के लिए निज भाषा का ज्ञान और उस पर गौरव होना अत्यंत आवश्यक है, इसलिए अपनी भाषा को पुष्ट करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
समारोह में कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार शर्मा भी मंचस्थ रहे। स्वागत वक्तव्य राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. नलिन सिंह ने दिया और विषय प्रवर्तन विधि विभागाध्यक्ष डॉ. तरुण मलिक ने किया। संचालन अहाना भावसार ने किया तथा आभार डॉ. निवेदिता वर्मा ने माना। इस अवसर पर न्यास के प्रांत संयोजक सुनील पण्ड्या, डॉ. गीता नायक, डॉ. जफर महमूद और रत्नदीप मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित थे।



