उज्जैन इंजीनियरिंग कॉलेज की हीरक जयंती पर 27 दिसंबर को जुटेंगे देश-विदेश के पूर्व छात्र
8वें सम्मेलन गेसुवाइट-डे डायमंड एलुमनी मीट में मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत आईआईटी व आईआईएम इंदौर के निदेशक आमंत्रित

उज्जैन। उज्जैन इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हीरक जयंती वर्ष पर 27 दिसंबर को महाविद्यालय परिसर में 8वें पूर्व छात्र सम्मेलन गेसुवाइट-डे डायमंड एलुमनी मीट का आयोजन किया जाएगा। एलुमनी एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को होने वाले इस सम्मेलन में देश-विदेश में कार्यरत पूर्व विद्यार्थी, पूर्व प्राचार्य, पूर्व प्राध्यापक और वर्तमान छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष इंजी. कोमल भूतड़ा ने बताया कि कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री तथा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आईआईटी इंदौर एवं भारतीय प्रबंधन संस्थान आईआईएम इंदौर के निदेशकों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। वर्ष 1966 में स्थापित यह संस्थान वर्ष 2026 में अपनी 60 वर्षों की शैक्षणिक और तकनीकी यात्रा पूरी कर रहा है।
इस आयोजन का उद्देश्य महाविद्यालय के इतिहास और उपलब्धियों का स्मरण करने के साथ पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर लाना, पुराने साथियों व गुरुजनों से पुनः मिलन कराना तथा वर्तमान विद्यार्थियों को अनुभवी पूर्व विद्यार्थियों से संवाद व मार्गदर्शन का अवसर प्रदान करना है। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पूर्व प्राचार्यों, प्राध्यापकों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा।
एलुमनी एसोसिएशन ने देश-विदेश में निवासरत सभी पूर्व विद्यार्थियों व उनके परिवारजनों से इस आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। अपील करने वालों में आदित्य नारायण व्यास, हेमराज राठौर, शोभा खन्ना, मिलिंद इंगोले, दिनेश दायमा, प्रभुलाल टटवाल, अशोक शर्मा, राम कानीकर, विनोद कुमार कौशिक, राजेंद्र प्रसाद गौतम, कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव, राजेश चौरिषि, पंकज कुमार जैन, पीयूष कुमार चतुर्वेदी, प्रवीण वशिष्ठ, विजय कुमावत, मुकेश कोकलरिया, सुनील मिमरोट, अंकेश राठी, कपिल मालवीय, सरबजीत सिंह बग्गा, कैलाश नारायण व्यास, प्रवीण गार्गव, पीयूष जैन, प्रहलाद गुप्ता और राजेंद्र सिंह सोलंकी सहित अन्य पूर्व छात्र शामिल हैं।



