ओपन स्टेट कराते चैंपियनशिप में उज्जैन के खिलाड़ियों ने जीते 10 स्वर्ण सहित 15 पदक
पन्ना जिले के देवेंद्र नगर में आयोजित हुई प्रतियोगिता, संघ के सात खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

उज्जैन. पन्ना जिले की देवेंद्र नगर तहसील में आयोजित विजय ट्रॉफी ओपन स्टेट कराते चैंपियनशिप 2026 में उज्जैन जिला आत्मरक्षा कराते संघ के सात खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य सहित कुल 15 पदक जीते हैं। शी गो शो वा काई कराते एसोसिएशन के तत्वावधान में हुई इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने खेल से जिले का नाम गौरवान्वित किया।
उज्जैन जिला आत्मरक्षा कराते संघ के सचिव शिहान कमल सोनी ने बताया कि सब जूनियर बालक वर्ग में प्रक्रीत ठाकुर ने काता और कुमीते में दो स्वर्ण पदक हासिल किए। सब जूनियर बालिका वर्ग में हर्षाली त्रिवेदी ने काता में स्वर्ण व कुमीते में रजत पदक तथा यशस्वी यादव ने काता और कुमीते में दो स्वर्ण पदक जीते। कैडेट बालक वर्ग में शुभम सिंह और कुणाल सेन ने काता व कुमीते में दो-दो स्वर्ण पदक प्राप्त किए। कैडेट बालिका वर्ग में मितांशी यादव ने काता में स्वर्ण एवं कुमीते में रजत पदक अपने नाम किया। वहीं सीनियर वर्ग में रिदा अली ने काता और कुमीते में कांस्य पदक तथा ओपन काता इवेंट में मितांशी यादव ने कांस्य पदक जीता।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर समिति के संरक्षक एवं उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, अध्यक्ष संतोष कुशवाहा, सेन्सई सुनील सोनी, मुख्य कोच नंदिनी सोनी, महर्षि संदीपन हाई स्कूल की प्राचार्या भारती महेश तिवारी, जय किशन सोनी, दीपक कुशवाहा और मोहित नागर ने उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट वितरित किए गए।



