गच्छाधिपति की निश्रा में सैकड़ों पदाधिकारियों ने ली शपथ, दो मुमुक्षुओं को मिला दीक्षा मुहूर्त
शोध संस्थान में नव जिनालय का भूमि पूजन संपन्न, नमकमंडी में होगा पुण्य सम्राट आराधना भवन का उद्घाटन

उज्जैन। श्री राजेन्द्र सूरी जैन शोध संस्थान में 28 नवंबर को पुण्यसम्राट युगप्रभावकाचार्य गुरुदेव श्रीमद् विजय जयंतसेन सूरीश्वरजी म.सा. के पट्टधर, धर्मदिवाकर गच्छाधिपति श्रीमद् विजय नित्यसेन सूरीश्वरजी म.सा. की निश्रा में विविध धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। इस दौरान नव जिनालय का भूमि पूजन, अखिल भारतीय नवयुवक, महिला एवं तरुण परिषद के राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों का दायित्व ग्रहण समारोह तथा दो मुमुक्षुओं का दीक्षा मुहूर्त प्रदानोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित हुआ।
सुबह 10:30 बजे प्रारंभ हुए दायित्व ग्रहण समारोह में गच्छाधिपति की निश्रा में राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया गया। देश के विभिन्न शहरों से आए सदस्यों ने ध्वजगीत के साथ ध्वज वंदन किया। संस्थान के ट्रस्टी राजेश वनवट ने सामूहिक गुरु वंदन कराया और गुरुदेव के मंगलाचरण से समारोह आगे बढ़ा। मुख्य अतिथि विधायक अनिल कालूहेड़ा एवं ओम जैन ने ट्रस्टियों के साथ दीप प्रज्वलन किया। उज्जैन बहू परिषद की सदस्यों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया, जिसके बाद अतिथियों का बहुमान किया गया। मुनिराज विद्वतरत्न विजयजी म.सा. एवं मुनिराज चारित्ररत्न विजयजी म.सा. ने प्रवचनों में परिषद की भूमिका, सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों तथा संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।
गच्छाधिपति ने परिषद व पद का महत्व बताते हुए सर्वप्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश तलावत को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। इसके पश्चात अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुधीर लोढ़ा, राष्ट्रीय महामंत्री संजय कोठारी सहित राष्ट्रीय पदाधिकारियों, महिला परिषद की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमाबेन मुथा व महामंत्री संगीता पोरवाल के साथ राष्ट्रीय इकाई तथा तरुण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओजस्व बुरड़ व महामंत्री आयुष वोरा के साथ तरुण परिषद की इकाई ने शपथ ली। प्रांतीय स्तर पर नवयुवक परिषद मध्यप्रदेश अध्यक्ष रजत कावड़िया, महामंत्री सिद्धार्थ तलेसरा, महिला परिषद मध्यप्रदेश अध्यक्ष जुली गोलेचा, महामंत्री विजया मोदी एवं गुजरात प्रांत अध्यक्ष अल्पाबेन बल्लू सहित विभिन्न प्रदेश इकाइयों ने क्रम से शपथ ग्रहण की।
दो मुमुक्षुओं को मिला 22 अप्रैल 2027 का दीक्षा मुहूर्त
आयोजन का प्रमुख आकर्षण नागदा की मुमुक्षु कीर्ति कांकरिया और जावरा की मुमुक्षु खुशी ओस्तवाल का जैन साध्वी दीक्षा मुहूर्त प्रदानोत्सव रहा। गच्छाधिपति श्रीमद् विजय नित्यसेन सूरीश्वरजी म.सा. एवं आचार्यदेव श्रीमद् विजय जयरत्न सूरीश्वरजी म.सा. के सान्निध्य में दोनों मुमुक्षुओं को संयम जीवन अंगीकार करने का मंगल मुहूर्त प्रदान किया गया। दोनों की दीक्षा 22 अप्रैल 2027 को मोहनखेड़ा तीर्थ स्थित जयंतसेन म्यूजियम में 10वें आत्मोद्धार महोत्सव के साथ होगी। मुहूर्त की घोषणा होते ही दोनों दीक्षार्थी भावविभोर हो उठीं और उपस्थित समाजजनों ने उनके वैराग्य भाव की अनुमोदना करते हुए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
तल्लेरा परिवार ने लिया नव जिनालय निर्माण का लाभ
कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह 7:30 बजे श्री राजेन्द्र सूरी शोध संस्थान की ज्ञानभूमि पर नव जिनालय का भूमि पूजन संपन्न हुआ। संस्थान के प्रमुख स्तंभ पारस जैन एवं सुशील गिरिया की इस परिकल्पना और गुरुदेव की आज्ञा को साकार करने का संकल्प तल्लेरा परिवार ने लिया। जिनालय निर्माण का मुख्य लाभ प्रेमकुमार, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. पारसचंद्र, स्व. विमल कुमार, संदेश एवं समस्त तल्लेरा परिवार उज्जैन ने लिया।
समारोह में शोध संस्थान अध्यक्ष संदेश तल्लेरा ने संस्थान के इतिहास और 20 हजार साहित्य की विशाल लाइब्रेरी की जानकारी दी। परिषद के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ब्रजेश बोहरा, राजकुमार नाहर एवं प्रदेश प्रचार मंत्री वीरेन्द्र गोलेचा ने बताया कि संचालन राष्ट्रीय महामंत्री संजय कोठारी ने किया, वहीं संगीतकार राजेन्द्र पटवा एवं विकास पगरिया ने भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी। आभार संस्थान महामंत्री अंशुल गिरिया ने व्यक्त किया। समापन के पश्चात परिषद परिवार की बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों पर चर्चा हुई और स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया।
नमकमंडी में मंगल प्रवेश और आराधना भवन का उद्घाटन 29 नवंबर को
इसी क्रम में 29 नवंबर को गच्छाधिपति एवं साधु-साध्वी भगवंत भव्य प्रवेश जुलूस के साथ नमकमंडी स्थित श्री राजेन्द्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर में मंगल प्रवेश करेंगे। इसके बाद नमकमंडी परिसर में तीन मंजिला पुण्य सम्राट आराधना भवन का उद्घाटन एवं मंगल प्रवचन होंगे।



