शिप्रा के जल में ही होगा सिंहस्थ स्नान, शंकराचार्य ने की जन-जागरण की सराहना
ब्राह्मण समाज और त्रिशूल शिवगण वाहिनी ने इंदौर रोड स्थित मठ पर शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती का किया अभिनंदन

उज्जैन। शिप्रा नदी के जल में ही सिंहस्थ का स्नान होगा। सरकार अपनी ओर से कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके लिए जन-जागरण भी अत्यंत आवश्यक है। यह बात श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य स्वामी विधुशेखर भारती तीर्थ ने इंदौर रोड स्थित नवनिर्मित शंकराचार्य मठ पर कही। यहां अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेंद्र चतुर्वेदी और त्रिशूल शिवगण वाहिनी के संस्थापक त्रिशूलपाणी आदित्य नागर ने पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर शंकराचार्य का अभिनंदन किया और आशीर्वाद लिया।
शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा के उद्देश्यों की दी जानकारी
चर्चा के दौरान त्रिशूलपाणी आदित्य नागर ने शंकराचार्य को शिप्रा नदी को प्रवाहमान, निर्मल और स्वच्छ बनाने के लिए त्रिशूल शिवगण वाहिनी द्वारा हाल ही में निकाली गई उद्गम से संगम पर्यंत शिप्रा प्रदक्षिणा यात्रा और उसके उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। शंकराचार्य ने संस्था द्वारा लगातार किए जा रहे जन-जागरण के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर जय सिंह गावढे, ऐश्वर्या नागर, पं. शैलेंद्र द्विवेदी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



