300 साल पुरानी कब्रें व मजारें तोड़ने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगा मुस्लिम समाज
प्रेसवार्ता में शहर काजी खलीकुर्रहमान ने रेलवे पर लगाया वक्फ ट्रिब्यूनल के आदेश की अवमानना का आरोप

उज्जैन। रेलवे द्वारा रात के अंधेरे में 300 साल पुरानी जिंदा कब्रों और मजारों को तोड़ने की कार्रवाई का मुस्लिम समाज ने कड़ा विरोध किया है। नुमाइंदा कमेटी के सदर और शहर काजी खलीकुर्रहमान ने मंगलवार को पुरानी सब्जी मंडी स्थित जामा मस्जिद में आयोजित प्रेसवार्ता में रेलवे पर कानून तोड़ने और धार्मिक स्थलों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि वक्फ ट्रिब्यूनल के आदेश की अवमानना करने वाले सभी पक्षों और रेलवे के खिलाफ कोर्ट में याचिका दायर कर सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी जाएगी।
शहर काजी ने कहा कि रेलवे अधिकारियों ने जीआरपी और आरपीएफ पुलिस बल की मौजूदगी में रात के समय अचानक कार्रवाई की, जिससे समाज के लोग समय पर मौके पर नहीं पहुंच पाए। जो लोग पहुंचे भी, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि मामले में वक्फ बोर्ड ट्रिब्यूनल ने यथास्थिति के आदेश दे रखे हैं। मामला ट्रिब्यूनल में लंबित होने के बावजूद प्रशासन और रेलवे ने न तो फैसले का इंतजार किया और न ही समाज के लोगों से बात की। उन्होंने कहा कि जिंदा कब्रों और मजारों को तोड़ने पर कानून ने भी रोक लगा रखी है, इसके बावजूद की गई इस कार्रवाई से मुस्लिम समाज आहत है और इसे स्वीकार नहीं करेगा।
खलीकुर्रहमान ने सवाल उठाया कि वर्ष 1955 और 1985 के गजट में इन कब्रों और मजार का जिक्र है और टाइटल भी क्लीयर है, फिर इन्हें अतिक्रमण कैसे बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन वक्फ की जमीन का अधिग्रहण करने के लिए लोगों को गुमराह कर इसे अतिक्रमण का नाम दे रहे हैं, जिस पर मुस्लिम समाज को सख्त आपत्ति है।
उन्होंने कहा कि हम केवल मुस्लिम ही नहीं, बल्कि हिंदू और अन्य समाज के धार्मिक स्थलों की भी बात कर रहे हैं—किसी भी समाज के धार्मिक स्थलों को नहीं तोड़ा जाना चाहिए। शहर काजी ने कहा कि लगातार मुस्लिम धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से समाज को लगने लगा है कि प्रशासन सभी को एक चश्मे से नहीं देख रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान मौलाना नजीर, मौलाना अय्यूब, मौलाना तैयब, मौलाना इजहार, मंसूर रजा और शफीक खान आदि उपस्थित रहे।



