सुभाष नगर स्थानक उज्जैन द्वारा आयोजित “जैन बाल संस्कार पाठशाला” के शिविर का भव्य समापन
49 बच्चों ने सीखे जीवन कौशल और धार्मिक संस्कार, नन्हें बच्चों ने मिलकर की 150 सामायिक की साधना

उज्जैन। श्री महावीर जैन स्थानकवासी न्यास सुभाष नगर द्वारा संचालित बाल संस्कार पाठशाला के छह दिवसीय ग्रीष्मकालीन संस्कार शिविर का भव्य समापन हुआ। 24 से 29 मार्च तक चले इस शिविर में बच्चों ने धार्मिक ज्ञान के साथ-साथ जीवन कौशल की बारीकियों को भी समझा।
शिविर में 3 से 15 वर्ष तक के 49 बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भक्तिमय वातावरण में नन्हें बच्चों ने मिलकर लगभग 150 सामायिक की साधना की। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने बच्चों को सामायिक का मर्म, 25 बोल, 67 बोल, 14 स्वप्न और तीर्थंकर चिह्नों के महत्व से अवगत कराया। इसके साथ ही, आज के युग में स्मार्ट वर्क और लाइफ स्किल्स की उपयोगिता पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए प्रतिदिन धार्मिक गेम्स, ध्यान और प्रार्थना के साथ लक्की ड्रॉ, प्रभावना एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था रही।
अतिथियों ने की संस्कारों की सराहना
समापन समारोह में रोहिणी लोढ़ा एवं अमिता मेहता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों द्वारा सीखे गए संस्कारों की सराहना की। शिविर को सफल बनाने में अर्चना बापना, ऋतु जैन, दीपिका मारू, हेमा दलाल, अखिला जैन, विनय कोठारी, प्रवीण चौरड़िया और यश जैन ने अपनी निस्वार्थ सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम का सफल संचालन ऋतु जैन ने किया एवं अंत में विनय कोठारी ने सभी आगंतुकों व सहयोगियों के प्रति आभार माना।



