धर्म-कर्म

पैसे से मान-सम्मान मिल सकता है, आत्मिक सुख नहीं

नमकमंडी ज्ञान मंदिर से सामैया के साथ साध्वी वृंद का चातुर्मास परिवर्तन, धर्म सभा में बोलीं साध्वी रिद्धिनिधि श्रीजी

उज्जैन। सुख सभी को चाहिए, लेकिन इसका सही मार्ग कम ही लोगों को पता है। पैसे से मान-सम्मान तो मिल सकता है, लेकिन आत्मिक सुख नहीं। परमात्मा ने कहा है कि सुख निर्मलता, धर्म, अच्छे आचार और उच्च भावों से मिलता है। यह बात साध्वी रिद्धिनिधि श्रीजी ने कार्तिक पूर्णिमा पर चातुर्मास परिवर्तन के अवसर पर आयोजित धर्म सभा में कही।

विशाल गच्छाधिपति आचार्य देवेश श्रीमद् विजय नित्यसेन सूरीश्वर की आज्ञा से गुरुवर्या साध्वी अनंतदृष्टा श्रीजी एवं साध्वीवर्या मयूरकला श्रीजी की सुशिष्या साध्वी रिद्धिनिधि श्रीजी आदि ठाणा 6 का श्री राजेंद्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर, नमकमंडी में पिछले चार माह से चल रहा सद्गुरु साधना वर्षावास चातुर्मास परिवर्तन के रूप में संपन्न हुआ। सुबह ज्ञान मंदिर में शंखेश्वर प्रभु और दादा गुरुदेव के दर्शन-वंदन के बाद सामैया जुलूस के साथ साध्वी वृंद का विहार हुआ। समाजजनों ने जगह-जगह गहुली की। जयकारों के साथ सामैया वीडी क्लॉथ मार्केट पहुंचा, जहां चातुर्मास परिवर्तन के लाभार्थी सोभागमल, मदनलाल और मोहनलाल रुनवाल परिवार के निवास पर साध्वी वृंद का आगमन एवं पगलिए हुए।

धर्म सभा में साध्वी रिद्धिनिधि श्रीजी ने कहा कि सही रूप में सुखी होने के लिए भीतर से राग-द्वेष निकालकर वैराग्य बढ़ाना होगा। वर्षा ऋतु में जीवों को पीड़ा न हो, इसलिए एक स्थान पर रुककर स्वाध्याय, तप, आराधना और कर्मों की निर्जरा करना ही चातुर्मास है। ठहरे पानी के बजाय बहता पानी अधिक शुद्ध रहता है, इसलिए महात्मा एक जगह स्थिर नहीं रहते और चातुर्मास परिवर्तन होता है। उन्होंने उज्जैन श्रीसंघ की भक्ति, विनय, सात्विकता, मर्यादा, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह संघ इस भावना से समर्पित है कि गुरुदेव मेरे हैं और हम गुरुदेव के हैं। ऐसा लगता है जैसे गौतम स्वामी ने विनय उज्जैन में बरसा दिया हो। उन्होंने इस धरोहर को संभालकर रखने तथा हृदय में प्रभु वीर के वचन सदैव रखने की प्रेरणा दी। इस दौरान साध्वी नेमिनिधि श्रीजी ने ध्यान मुद्रा में सभी को सिद्धाचल गिरि शत्रुंजय तीर्थ की भाव यात्रा करवाई।

कार्यक्रम में श्रीसंघ संरक्षक माणकलाल गिरिया, राजबहादुर मेहता एवं ट्रस्टियों ने दीप प्रज्ज्वलन किया। संचालन श्रीसंघ सचिव एवं राष्ट्रीय महामंत्री संजय कोठारी ने किया। महिला परिषद ने सामूहिक वंदन करवाया और बहू परिषद ने मंगलाचरण गीत प्रस्तुत किया। चार माह तक चले जप, तप और प्रवचनों की पूर्णाहुति पर श्रीसंघ अध्यक्ष मदनलाल रुनवाल, संरक्षक राजबहादुर मेहता, महिला परिषद की वरिष्ठ गुणमाला नाहर, सचिव प्रेमलता बेन रुनवाल, प्रदेश अध्यक्ष जूली गोलेचा और बालिका परिषद की देशना कोठारी ने साध्वी वृंद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। चातुर्मास मीडिया प्रभारी नरेंद्र तल्लेरा, वीरेंद्र गोलेचा और नितेश नाहटा ने बताया कि भेरूलाल प्रमोद कुमार तांतेड़, हुकमचंद चौरड़िया, दीपक डागरिया, अनिल रुनवाल, सुनील मेहता, श्रेणिक लुणावत, नवीन बाफना और परिषद सचिव नवीन कोठारी, सुधीर मेहता, मनोज पगरिया ने लाभार्थी परिवार का बहुमान किया। समापन सकल श्रीसंघ की नवकारसी के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button