खेल महोत्सव में 250 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम
18 विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार व मेडल, होनहार बच्चों को हर साल मिलेगी छात्रवृत्ति

उज्जैन। गुरु नानक जयंती के उपलक्ष्य में मालवा दर्पण खेल एवं शिक्षा विकास संस्था ने ग्राम ताजपुर में खेल महोत्सव आयोजित किया। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को तलाशने के उद्देश्य से हुई दौड़ और गोला फेंक प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में ताजपुर और आसपास के गांवों के 250 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें से 18 विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
संस्था प्रमुख धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि संस्था से रजिस्टर्ड जो बच्चे खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उच्च स्तर का प्रदर्शन करेंगे, उन्हें हर साल सितंबर माह में आर्थिक सहायता के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। मालवा दर्पण फाउंडेशन पिछले तीन-चार वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाओं को निकालकर उन्हें प्रशिक्षण दे रहा है। इसका नतीजा है कि करीब दो वर्षों में संस्था के 8 से 10 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर खेल रहे हैं। भविष्य में 10 से 12 गांवों के बीच एक विशाल खेल मैदान बनाने की योजना है, ताकि ग्रामीण बच्चों को अभ्यास के लिए रोजाना शहर न जाना पड़े।
आयोजन के लिए संस्था के सदस्यों ने स्वयं फंड एकत्र किया। कार्यक्रम में ताजपुर के सरपंच मांगीलाल मालवीय, उप सरपंच रामिशकन प्रजापत, जनपद सदस्य सादिक भाई, पूर्व सरपंच गुलाब सिंह दरबार, पूर्व सरपंच सिकंदर खान, ईश्वर लाल पाटीदार, दिनेश गुप्ता और बमौरा के उप सरपंच रमेश चौधरी मौजूद रहे और संस्था को आर्थिक सहयोग दिया।
गांव के समाजसेवी सिकंदर मेव ने अगली प्रतियोगिता का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली। अमरसिंह दरबार ने प्रतियोगिता के लिए गार्डन की निशुल्क सुविधा दी, जबकि कडल कैफे नानाखेड़ा उज्जैन की ओर से सभी खिलाड़ियों के लिए नाश्ते का इंतजाम किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम संस्था सचिव रवि पाटीदार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। संचालन संस्था प्रवक्ता विशाल पाटीदार ने किया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारी और गांव के अन्य समाजसेवक उपस्थित रहे।



