भोपाल के मालवा महोत्सव में छाया उज्जैन, सीएम ने विभूतियों को किया सम्मानित
रवींद्र भवन में तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ, डॉ. मोहन यादव बोले- आंचलिक बोलियों का संरक्षण सांस्कृतिक विरासत के लिए जरूरी

उज्जैन। आंचलिक बोलियों का संरक्षण और संवर्धन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए आवश्यक है। मालवा की बोली, व्यवहार और पकवानों का अपना अलग ही आनंद है। यहां की माटी में सौंधापन और आत्मीयता है तथा यहां की संस्कृति की हर काल में विशिष्ट पहचान रही है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में तीन दिवसीय मालवा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर कही। इस आयोजन में उज्जैन की प्रतिभाएं छाई रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान से नवाजा गया और स्मारिका ‘यो अपनो मालवो’ का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवी भाषा का अंदाज निराला है और इसे समझने वाला ही इसके भाव व अर्थ को सही मायने में समझ सकता है। उन्होंने अहिल्या माता और सिंधिया राज से लेकर डॉ. वि.श्री. वाकणकर तक के मालव प्रदेश के विकास में योगदान की चर्चा की और यहां के पकवान दाल-बाटी-चूरमा का भी जिक्र किया। उन्होंने आने वाले समय में मालवा महोत्सव के विस्तार से मालवा और मालवी का गौरव लगातार बढ़ने की उम्मीद जताई।
समारोह में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ मालवी कवि व साहित्यकार डॉ. शिव चौरसिया, एनएसडी प्रशिक्षक एवं रंगकर्मी निशा त्रिवेदी, मालवी साहित्यकार डॉ. माया मालवेंद्र बदेका, मालवी व्यंग्यकार व प्रेमचंद सृजन पीठ के निदेशक मुकेश जोशी, मालवा की पत्रकारिता के शोधकर्ता डॉ. कमल हेतवाल, वरिष्ठ साहित्यकार नरहरि पटेल, मालवी उद्घोषक व सूत्रधार शैलेंद्र व्यास स्वामी मुस्कुराके और यूट्यूबर मालवी भाभी सहित अन्य विभूतियों को मालव रत्न अलंकरण प्रदान कर सम्मानित किया। इनमें उज्जैन के कलाकारों और साहित्यकारों ने शहर का गौरव बढ़ाया। प्रारंभ में ऋतु शर्मा के निर्देशन में स्वयंसिद्धा नृत्य अकादमी की उज्जैन की बालिकाओं ने नृत्य प्रस्तुति दी।
मेला संयोजक एवं मालवा विकास उत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. नवीन आनंद जोशी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक मेला नहीं, बल्कि मालवा की हजारों वर्षों की समृद्ध परंपरा, लोकजीवन, साहित्य, कला, खान-पान और विरासत को एक मंच पर लाने का प्रयास है। मालवा की पहचान उसकी बोली, व्यवहार, लोकगीतों, लोकनृत्यों और आत्मीयता से है। उन्होंने आंचलिक बोलियों के प्रति मुख्यमंत्री के अनुराग के लिए आभार जताते हुए राजधानी भोपाल में मालवा भवन की आवश्यकता बताई, ताकि यह साहित्यकारों, कलाकारों, लोकसंस्कृति के साधकों और सामाजिक संगठनों के लिए साझा सांस्कृतिक केंद्र बन सके।
कार्यक्रम में ब्रह्मर्षि गिरीश, वीर भारत न्यास के सचिव श्रीराम तिवारी, विशाला सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष राजेश सिंह कुशवाह, साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे और भोज शोध संस्थान के संजय यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजन में शामिल होने उज्जैन से वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. प्रकाश रघुवंशी, डॉ. प्रशांत पुराणिक, डॉ. रमण सोलंकी, डॉ. अजय शर्मा, लोकेंद्र त्रिवेदी, डॉ. जवाहर कर्णावट, डॉ. राजेंद्र भूतड़ा, मालवेंद्र बदेका, पं. प्रबोध पंड्या और बंटी भदौरिया भोपाल पहुंचे। इस अवसर पर लेखक विनोद नागर, स्मृति आदित्य, यशवंत गोरे, प्रतीष पाठक और मालवा विकास समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में साहित्य व संस्कृतिप्रेमी उपस्थित थे।



