माधव विज्ञान महाविद्यालय में 27 नवंबर से अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, जुटेंगे देश-विदेश के विद्वान
हाइब्रिड मोड में होगा आयोजन, अब तक 140 पंजीयन हुए, चयनित शोध-पत्र जर्नल में होंगे प्रकाशित

उज्जैन। शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय, उज्जैन (नैक द्वारा ए डबल प्लस ग्रेड प्राप्त) के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) द्वारा उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल के सौजन्य से 27 एवं 28 नवंबर 2026 को दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। “फ्रॉम वैदिक रूट्स टू लैब बूट्स (वैदिक जड़ों से प्रयोगशाला तक)” विषय पर होने वाला यह सम्मेलन हाइब्रिड मोड में आयोजित होगा।
आयोजन सचिव एवं आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. शुचिता चांदोरकर ने बताया कि सम्मेलन में देश-विदेश के विद्वान, शोधकर्ता, शिक्षक एवं विद्यार्थी भारतीय वैदिक ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। अब तक लगभग 140 पंजीयन हो चुके हैं और सहभागिता के इच्छुक शोधार्थी अथवा अन्य प्रबुद्धजन तत्काल भी पंजीयन करा सकते हैं। सम्मेलन में चयनित शोध-पत्रों को आईएसएसएन आधारित आईजेआईके जर्नल (आईएसएसएन 3139-5244) में प्रकाशित होने का अवसर मिलेगा।
इस अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के मुख्य संरक्षक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा संरक्षक उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार हैं। मुख्य सलाहकार के रूप में उच्च शिक्षा विभाग, भोपाल के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन एवं आयुक्त प्रबल सिपाहा का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरीश व्यास कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष हैं। वहीं संरक्षकगण के रूप में मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी, भोपाल के निदेशक अशोक काडेल, सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के कार्यपरिषद सदस्य राजेश सिंह कुशवाह, उज्जैन कलेक्टर एवं जनभागीदारी अध्यक्ष रौशन कुमार सिंह तथा अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, उज्जैन संभाग डॉ. एचएल अनिजवाल का सहयोग प्राप्त होगा।



