हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज का अन्नकूट महोत्सव, 75 व्यंजनों का लगाया भोग
27 प्रतिभाओं का सम्मान, सिंहस्थ-2028 से पहले धर्मशाला के भव्य जीर्णोद्धार का लिया संकल्प

उज्जैन। हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज का अन्नकूट महोत्सव व प्रतिभा सम्मान समारोह नगरकोट स्थित हारितेश्वर महादेव मंदिर एवं धर्मशाला में आयोजित हुआ। इस दौरान भगवान हारितेश्वर महादेव, भगवान परशुराम और हनुमानजी को छप्पन भोग की परंपरा के तहत 75 प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग लगाकर महाआरती की गई। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के 27 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र, पुरस्कार और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
समाज के उपाध्यक्ष प्रहलाद शर्मा और सचिव बृजमोहन शर्मा ने बताया कि मुख्य अतिथि अखिल भारतीय हरियाणा गौड़ ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. घनश्याम शर्मा थे। विशेष अतिथि के रूप में महासभा के राष्ट्रीय उपमंत्री दिलीप शर्मा, प्रदेश के पूर्व महामंत्री रामअवतार शर्मा और इंदौर समाज के अध्यक्ष मनीष भोंगा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उज्जैन समाज के अध्यक्ष वरुण शर्मा ने की। अतिथियों ने भगवान हारितेश्वर महादेव के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह की शुरुआत की।
मुख्य अतिथि डॉ. घनश्याम शर्मा ने कहा कि उज्जैन में श्री महाकाल लोक के बाद अब कालभैरव लोक, शनिलोक और अंकपात मार्ग स्थित सांदीपनि आश्रम में श्रीकृष्ण लोक का निर्माण हो रहा है। इन विकास कार्यों से धार्मिक नगरी में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में समाज की धर्मशाला का भव्य जीर्णोद्धार जरूरी है। उन्होंने समाजजनों से सिंहस्थ महापर्व-2028 से पहले धर्मशाला का जीर्णोद्धार पूर्ण कराने का सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अन्नकूट पर्व सनातन संस्कृति, समरसता और अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है।
विशेष अतिथि दिलीप पंचोली ने कहा कि समाज शिक्षा सहित हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और प्रतिभाओं के सम्मान से आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। समारोह में नर्सरी से हायर सेकेंडरी तक के 15, स्नातक स्तर के 8 और स्नातकोत्तर स्तर के 4 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
आयोजन में राजस्थान के अलवर से पत्रकार राजेश शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए। इंदौर समाज से राकेश चौधरी, तेजकरण बन्दावाला, जगदीश गोगोरिया, नंदकिशोर बड़गोती, हरीश जासड़ावत, रितेश भेवाल, चेतन नाहरड़िया, सुभाष समोटिया व जयंत समोटिया तथा उज्जैन समाज से प्रोफेसर डॉ. केशवमणि शर्मा, पवन शर्मा, घासीराम शर्मा, मनोहर शर्मा, सखीपुरा निवासी अशोक शर्मा, विजय शर्मा, राजेंद्र शर्मा, मनोज शर्मा, शुभम शर्मा, निश्चय शर्मा व आनंदगंज की झिरी निवासी अशोक शर्मा मौजूद रहे। मातृशक्ति की ओर से श्रीमती भारती शर्मा, पुष्पा शर्मा, पूनम शर्मा, उमा शर्मा, मयूरी शर्मा, शिवालिक शर्मा, दिव्या शर्मा, माही शर्मा, कविता शर्मा, कृष्णा शर्मा, अनीता शर्मा, माधुरी शर्मा, सीमा शर्मा, मंजू शर्मा व राखी शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व युवा साथी उपस्थित रहे। संचालन महिला इकाई की मंत्री श्रीमती पुष्पलता शर्मा और श्रीमती रचना शर्मा ने किया। आभार राधेश्याम शर्मा ने माना।



