खेल

कार्तिक मेला मंच पर रविवार को मसल्स का महामुकाबला, मेयर ट्रॉफी व 5 लाख कैश प्राइज के लिए उतरेंगे दिग्गज

वेस्टर्न जोनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप की चार प्रमुख वैजयंती का महापौर और विधायक ने किया अनावरण, 6 राज्यों के 250 से अधिक शरीर साधक लेंगे हिस्सा

उज्जैन। कार्तिक मेला के अंतर्गत रविवार, 29 नवंबर को शाम 6 बजे से मेला मंच पर पूर्व उप महापौर स्वर्गीय प्रेम नारायण यादव की स्मृति में 5 लाख रुपए कैश प्राइज वेस्टर्न जोनल बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति के संयोजक पार्षद सुशील श्रीवास ने बताया कि स्पर्धा में गोवा, महाराष्ट्र, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गुजरात और मध्य प्रदेश के 250 से अधिक शरीर साधक सहभागिता करेंगे।

चैंपियनशिप के ओवरऑल चैंपियन को एक लाख रुपए कैश प्राइज एवं मेयर ट्रॉफी से अलंकृत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त समाजसेवी जगदीश नारंग की स्मृति में बेस्ट पोजर ट्रॉफी व 25 हजार रुपए, स्वर्गीय चुन्नी पहलवान एवं स्वर्गीय कमल काका यादव की स्मृति में बेस्ट इंप्रूव बॉडी खिताब विजेता को 25 हजार रुपए तथा समाजसेवी गुरमुख दास थानी की स्मृति में बेस्ट मस्कुलर मैन ट्रॉफी व 25 हजार रुपए कैश प्राइज प्रदान किए जाएंगे। स्पर्धा के 10 वजन वर्गों के पुरस्कार समाजसेवी ओमप्रकाश अग्रवाल की स्मृति में दिए जाएंगे।

संपूर्ण स्पर्धा के तकनीकी एवं व्यवस्थागत संचालन का दायित्व राज्य शरीर सौष्ठव संस्था मध्य प्रदेश, मुख्यालय उज्जैन को सौंपा गया है। राज्य इकाई के चेयरमैन प्रेम सिंह यादव एवं राष्ट्रीय निर्णायक शैलेंद्र व्यास स्वामी मुस्कुराके ने स्पर्धा की तैयारियों की जानकारी दी। पूर्व मिस्टर इंडिया सिविल सर्विसेज एवं मध्य प्रदेश बॉडीबिल्डिंग के अध्यक्ष जितेंद्र कुशवाह तथा संस्था के कोषाध्यक्ष गजेंद्र मेहता ने बताया कि चैंपियनशिप में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के शरीर साधक संगीत की धुन पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

इससे पूर्व चैंपियनशिप की चार प्रमुख वैजयंती का अनावरण महापौर मुकेश टटवाल के मुख्य आतिथ्य एवं उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर इंडियन बॉडीबिल्डर्स फेडरेशन मुंबई के ऑब्जर्वर अतिन तिवारी सहित पार्षद गजेंद्र हिरवे, पुरुषोत्तम मालवीय, शैलेंद्र यादव, हेमंत गहलोत, पंकज चौधरी, डॉ. रवि राय, इमरान खान, अर्पित दुबे, कैलाश प्रजापति, सुरेंद्र मेहर, अमित कनोजिया, सूजल बामने, अर्थ वर्मा और राहुल परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। अनावरण कार्यक्रम के दौरान बॉडीबिल्डर अब्दुल रहमान, दर्पण, देव माली व कुणाल गोसर ने शरीर सौष्ठव का प्रदर्शन किया।

Related Articles

Back to top button