पाठशाला

जिला स्तरीय युवा उत्सव की एकल गायन स्पर्धाओं में शुभ्रा गोस्वामी प्रथम

शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजन, समूह गायन में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय ने मारी बाजी

उज्जैन। शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत संगीत विधा की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। एकल गायन की शास्त्रीय पद्धति एवं सुगम भारतीय दोनों श्रेणियों में शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की शुभ्रा गोस्वामी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं समूह गायन भारतीय विधा में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय प्रथम रहा। सभी विजेता प्रतिभागी अब विश्वविद्यालयीन स्तर पर आयोजित होने वाले युवा उत्सव में सहभागिता करेंगे।

एकल गायन शास्त्रीय पद्धति में सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के पृथ्वीराज गौतम द्वितीय तथा शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की भामिनी शर्मा तृतीय रहीं। एकल गायन सुगम भारतीय में शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय की दीपिका शर्मा ने द्वितीय और शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय की रक्षिता कुमरावत ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी तरह समूह गायन भारतीय में शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय द्वितीय एवं शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय तृतीय स्थान पर रहा।

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. प्रशांत पुराणिक ने सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर किया। अपने उद्बोधन में प्राचार्य ने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों के समग्र विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है और सांस्कृतिक विधाएं उनके अनुभवात्मक अध्ययन व प्रदर्शन कला को निखारती हैं। इस अवसर पर जिला स्तरीय युवा उत्सव की मिमिक्री विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली महाविद्यालय की छात्रा भक्ति लोखंडे को प्राचार्य एवं सभी प्राध्यापकों ने बधाई देते हुए भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

संगीत विधा की प्रतियोगिताओं में पंडित श्रीधर व्यास, डॉ. अनिल जोशी और डॉ. तृप्ति नागर निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. दिव्या गेहलोत्रा ने किया तथा आभार युवा उत्सव संयोजक एवं संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. वर्षा अग्रवाल ने माना। इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के टीम प्रबंधन प्राध्यापक, शासकीय कन्या महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. रश्मि भार्गव उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button