पाठशाला

माधव विज्ञान कॉलेज में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन, भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर मंथन

ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड में हुए आठ सत्र, इंडोनेशिया व दक्षिण अफ्रीका सहित देशभर के 200 शोधार्थी व विशेषज्ञ हुए शामिल

उज्जैन। शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय में “वैदिक रूट्स टू लैब बूट्स” विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन हुआ। प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के मध्य समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से हुई इस संगोष्ठी में ऑनलाइन व ऑफलाइन मोड पर अलग-अलग थीम पर कुल आठ सत्र आयोजित हुए। विभिन्न तकनीकी सत्रों में देश-विदेश के विषय विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और शोधार्थियों ने शोध पत्रों का वाचन किया, जिसमें 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष ओम जैन ने कहा कि हमें अपने देश और संस्कृति पर गर्व करना चाहिए। हमारी ज्ञान परंपरा अत्यंत समृद्ध, अनुभवजन्य एवं वैज्ञानिक दृष्टि से संपन्न है। विशिष्ट अतिथि एसजीएसआइटीएस इंदौर के डायरेक्टर नितेश पुरोहित ने कहा कि आधुनिक विज्ञान भी अंततः भारतीय ज्ञान परंपरा के निष्कर्ष तक ही पहुंचता है, इसलिए समृद्ध भारतीय परंपरा को समझना होगा। अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर हरीश व्यास ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा की जड़ें हमारी सोच और दैनिक दिनचर्या में निहित हैं। इसी वजह से हमारा अस्तित्व है, किंतु हमारी पीढ़ी को यह बात समझनी होगी।

समारोह में कार्यक्रम की संयोजक डॉ. शुचिता चांदोरकर ने संगोष्ठी की रिपोर्ट प्रस्तुत की। संचालन शुभी बावने ने किया और आभार डॉ. बृजेश पारे ने माना।

दूसरे दिन पांच तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने रखे विचार

संगोष्ठी के दूसरे दिन का शुभारंभ चौथे तकनीकी सत्र से हुआ, जिसकी अध्यक्षता अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय भोपाल की डॉ. चित्रा कडेल ने की। इसमें विषय विशेषज्ञ के रूप में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय दिल्ली के प्रो. रामप्रसाद प्रजापति ने संबोधन दिया, जबकि संचालन डॉ. अजय सक्सेना ने किया। पांचवें तकनीकी सत्र की अध्यक्षता सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की माइक्रोबायोलॉजी अध्ययनशाला की विभागाध्यक्ष डॉ. अलका व्यास ने की। विषय विशेषज्ञ सुराबाया विश्वविद्यालय इंडोनेशिया के प्रो. अरमान ने विशेष वक्तव्य दिया और संचालन डॉ. जीवनसिंह सोलंकी ने किया।

छठे तकनीकी सत्र की अध्यक्षता पर्यावरण अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष डॉ. डी. एम. कुमावत ने की। इसमें बनस्थली विद्यापीठ राजस्थान की सहायक प्राध्यापक डॉ. कीर्ति पांडे ने विशेष वक्तव्य दिया तथा संचालन डॉ. आयुषी पालीवाल ने किया। सातवें तकनीकी सत्र की अध्यक्षता सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन के प्राध्यापक प्रो. डी. एम. कुमावत ने की। बोत्सवाना विश्वविद्यालय दक्षिण अफ्रीका की माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. प्रिंसेस सियोन ने विशेष वक्तव्य दिया और संचालन डॉ. अन्तिमा सिंदरसिया ने किया। आठवें तकनीकी सत्र की अध्यक्षता शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय उज्जैन की सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. शोभा शौचे ने की और संचालन डॉ. मनमीत कौर मक्कड़ ने किया। इसी सत्र के साथ संगोष्ठी का समापन हुआ। संयोजक डॉ. शुचिता चांदोरकर ने यह जानकारी दी।

Related Articles

Back to top button