कंट्रोवर्शियल
सिंहस्थ में जमीन उपयोग पर अखाड़ों से किसानों को मिले तीन गुना मुआवजा
महाकाल सेना ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, टेंट नीति का स्वागत करते हुए जमीन पर टेंट लगाने का अधिकार किसानों को देने की उठाई मांग
NewsGupShup2 days ago

उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व के दौरान अखाड़ों के ठहरने के लिए उपयोग होने वाली जमीन के बदले किसानों को अखाड़ों से तीन गुना मुआवजा दिलाने की मांग उठी है। महाकाल सेना के धर्म प्रकोष्ठ प्रमुख रूपेश मेहता ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि सिंहस्थ में अखाड़ों के कैंप लगने से किसानों की फसल और जमीन की उर्वरता नष्ट हो जाती है, इसलिए सरकार अखाड़ों की जिम्मेदारी तय करते हुए किसानों को तीन गुना मुआवजा दिलाए।
पत्र में कहा गया है कि अखाड़ों द्वारा किए जाने वाले भारी निर्माण, टेंट, वाहन, गड्ढों और मिट्टी की बर्बादी से जमीन सिंहस्थ के बाद खेती लायक नहीं रहती। इससे किसान केवल एक नहीं, बल्कि आने वाले दो वर्षों की फसल भी खो देता है। मांग की गई है कि यदि अखाड़े मुआवजा देने में असमर्थ हों, तो अखाड़ों में संचालित गार्डन या रेस्टोरेंट में किसानों को अपने बच्चों के शादी-ब्याह के लिए निशुल्क स्थान उपलब्ध कराया जाए। यदि अखाड़े ऐसा नहीं करते हैं, तो किसान को संबंधित साधु-संत या अखाड़े के विरुद्ध न्यायालय जाकर अपना मुआवजा वसूलने का अधिकार मिलना चाहिए।
महाकाल सेना ने सरकार की टेंट नीति का स्वागत करते हुए मांग की है कि अपनी जमीन पर टेंट लगाने और उसे अखाड़ों को देने का अधिकार सीधे किसानों को मिलना चाहिए। किसान अपनी जमीन का मालिक है, इसलिए उसे बिचौलियों के भरोसे न छोड़ा जाए। संगठन ने अनुरोध किया है कि सिंहस्थ भव्य और दिव्य होने के साथ-साथ किसानों के सम्मान और अधिकार का पर्व भी बने। यह महापर्व करोड़ों सनातनियों का है, न कि केवल साधु-संत या अखाड़ों का, इसलिए सरकार की योजनाओं में साधु-संतों या अखाड़ों का दबाव और दखलंदाजी नहीं होनी चाहिए।
NewsGupShup2 days ago



