महिला दिवस पर पथ विक्रेताओं का नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन, सहायक आयुक्त का पुतला फूंका
हाथ ठेला एवं फुटपाथ व्यापारी संघ ने मनाया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, भाजपा नेत्री वर्षा कछवाय और पार्षद लीला वर्मा का किया सम्मान

उज्जैन। भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध हाथ ठेला एवं फुटपाथ व्यापारी संघ महाकाल ने रविवार को बाल हनुमान मंदिर, नरसिंह घाट चौराहे पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। इस अवसर पर महिलाओं ने अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करते हुए धरना स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी नगर जिला मंत्री वर्षा कछवाय और वार्ड क्रमांक 33 की पार्षद लीला हुकमचंद वर्मा का सम्मान किया गया।
आयोजन के दौरान महिलाओं ने नगर निगम की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की तानाशाही के खिलाफ भारी आक्रोश व्यक्त किया। महिलाओं ने 6 फरवरी को उनके साथ हुई मारपीट के मामले में मोनू थनवार, आनंद भेरवे सहित पांच अन्य कर्मचारियों पर कार्रवाई में हो रहे विलंब का कड़ा विरोध किया। इसके साथ ही, 5 मार्च की रात 11 बजे क्षेत्रीय पार्षद द्वारा जनता के लिए बनवाए गए सुविधा केंद्र को सहायक आयुक्त प्रदीप सेन, दीपक शर्मा, जितेंद्र रावत और मनीष बाली द्वारा निगम गैंग के साथ मिलकर तोड़े जाने की घटना पर भी रोष जताया। महिलाओं का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के रात के समय पार्षद लीला हुकमचंद वर्मा के साथ दुर्व्यवहार किया गया। इस मनमानी के विरोध में महिलाओं ने धरना स्थल पर सहायक आयुक्त प्रदीप सेन का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
पथ विक्रेता महिलाओं का आरोप है कि नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा द्वारा पथ विक्रेता कानून 2014 का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। टीवीसी कमेटी के चुनाव अब तक नहीं हुए हैं, जब्त सामान नियमानुसार दो दिन में वापस नहीं किया जा रहा है और टीवीसी कमेटी की सिफारिश के बिना ही लगातार अतिक्रमण की कार्रवाई की जा रही है। संघ ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को तत्काल निलंबित किया जाए। पुलिस द्वारा अब तक केवल जांच का आश्वासन दिया गया है, जबकि संघ की मांग है कि कोतवाली थाने में मोनू थनवार, आनंद भेरवे व अन्य पांच आरोपियों पर और महाकाल थाने में पार्षद लीला वर्मा के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले में तुरंत प्रकरण दर्ज किया जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो दुर्व्यवहार करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
मंजू सिंह चौहान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम का सफल संचालन आकांक्षा चौहान ने किया और आभार मीना प्रजापत ने माना। इस अवसर पर हाथ ठेला एवं फुटपाथ व्यापारी संघ की महिला विंग से मंजू सिंह चौहान, सुमित्रा सिंह चौहान, माया जाट, पूजा ठाकुर, रानू कहार, माधुरी बैरागी, ममता चौहान, मीना प्रजापत, मधु लोधी, जयदेवी लोधी, आरती पांचाल, मधु पांचाल, रूखा कहार, रामकुंवर कहार, पुनी कहार, काला बाई गेहलोत, किरण ठाकुर और किरण मेहरा सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


