कबीर पंथ महासंघ के महिला विभाग में उज्जैन की महंत मायादेवी बनीं राष्ट्रीय अध्यक्ष
नई दिल्ली में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, अल कबीर बीफ कंपनी से नाम हटाने और प्रकट दिवस पर राष्ट्रीय अवकाश की मांग

उज्जैन। अंतर्राष्ट्रीय कबीर पंथ महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को नई दिल्ली के करोल बाग में आयोजित की गई। इस दौरान संगठन को गति देने के लिए नवगठित महिला विभाग में मध्य प्रदेश के मालवा प्रांत का दबदबा रहा। उज्जैन की महंत मायादेवी साहेब को नारी शक्ति का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
संस्था के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत चूड़ामणि साहेब की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महिला विभाग में मालवा से ही इंदौर की महंत अनुराधा कबीर पंथी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और देवास की लक्ष्मी भारती को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन का विस्तार करते हुए भारत सरकार के सामाजिक न्याय बोर्ड के सदस्य अशोक कुमार को राष्ट्रीय मुख्य सलाहकार, जम्मू-कश्मीर के पूर्व डिप्टी कमिश्नर फकीरचन्द भगत को राष्ट्रीय महासचिव और लालचंद दुहन को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया।
कार्यकारिणी की बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें अल कबीर बीफ़ कंपनी के नाम से ‘कबीर’ शब्द हटाने, छात्रों के पाठ्यक्रम में ‘कबीर दास’ की जगह ‘सद्गुरु कबीर साहेब’ करने और उनके प्रकट दिवस पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। चेतावनी दी गई है कि यदि सरकार ने ये मांगें नहीं मानीं तो देश के करोड़ों कबीरपंथी उग्र आंदोलन करेंगे। इसके अलावा संस्था की आर्थिक मजबूती के लिए सघन सदस्यता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय प्रवक्ता लालचन्द दूहन ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महंत राधाकिशन साहेब (देवास), राष्ट्रीय महासचिव डॉ. धर्मवीर कुमार भास्कर (पटना), भगवान दास, महंत रामपुरी साहेब, जीआर भगत, हरजोत सिंह सहित छत्तीसगढ़, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और झारखण्ड से आए कई पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए।



