विकास के खिलाफ हमदर्दी कांग्रेस की डूबती नैया – सुरेंद्र सांखला
भाजपा नेता ने नगर निगम के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन को बताया नौटंकी, कहा- 2004 से पहले शहर का विकास शून्य था

विकास के खिलाफ आंदोलन कर हंसी का पात्र बन रही कांग्रेस: सुरेंद्र सांखला
उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सांखला ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है। उज्जैन नगर निगम द्वार पर कांग्रेस द्वारा विकास के खिलाफ किए जा रहे आंदोलन को उन्होंने हंसी का पात्र बताया है। सांखला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस दो मुंहे सांप की तरह रेंग रही है और उज्जैन में चल रही विकास योजनाओं को देखकर रो रही है। नगर निगम के बाहर आंदोलन करने का निर्णय उनकी इसी मानसिकता का परिचय है।
सांखला ने कहा कि 2004 के पहले कांग्रेस के समय पूरे शहर में विकास शून्य था। तब भाजपा ने भोपाल जाकर दिग्विजय सिंह सरकार को विकास के लिए घेरा था। अब जब दुनिया के सबसे बड़े महाकुंभ और उसकी तैयारी के लिए मंदिरों, कुंभ मेला क्षेत्र एवं शहरी क्षेत्र का चौड़ीकरण मास्टर प्लान के अनुरूप किया जा रहा है और आम नागरिक उसमें अपना सहयोग कर रहे हैं, तब कांग्रेस अपनी नौटंकी कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकास पुरुष मुख्यमंत्री को पचा नहीं पा रही है। जो पार्टी कभी विकास के लिए आगे नहीं आई, वह अब विकास के खिलाफ जाकर जनसमर्थन जुटाने का प्रयास कर रही है। सांखला ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में सबको अपना विचार रखने का अधिकार है, लेकिन उसकी भी अपनी मर्यादा है और कार्यक्रम ऐसे होने चाहिए जिनमें लोकहित हो सके। कांग्रेस को विकास के लिए आंदोलन करना चाहिए था, लेकिन इसके विपरीत विकास के खिलाफ जाकर वह हंसी का पात्र बन रही है और उनकी यह सोच पार्टी की डूबती नैया को और गर्त में ले जाएगी।



