भारतीय इतिहास के पुनर्लेखन में प्रवर्तक सिद्ध होगा डॉ. मोहन गुप्त का कार्य -डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी
डॉ. मोहन गुप्त की ‘द इंडो यूरोपियन प्रॉब्लम : ए न्यू पैराडाइम, ए कंप्लीट री-लुक’ और डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी की ‘हाईवेज एंड बाईवेज ऑफ प्राच्य विद्या’ का विमोचन

डॉ. मोहन गुप्त बोले- ऋग्वेद की भाषा संस्कृत ही विश्व की प्राचीनतम भाषा, आर्य भारतवर्ष के ही थे
उज्जैन। 21वीं सदी में भारतीय इतिहास के पुनर्लेखन की दिशा में डॉ. मोहन गुप्त का कार्य प्रवर्तक सिद्ध होगा। प्राच्य विद्या की विमर्श परंपरा दो शताब्दी से यूरोप केंद्रित रही है, लेकिन जयशंकर प्रसाद और रामविलास शर्मा के बाद 200 वर्ष में यह ऐसी पुस्तक आई है जो हमारी परंपरा को लेकर पश्चिमी विद्वानों के सिद्धांतों को चुनौती देती है। जब भी भारत के इतिहास का पुनर्लेखन होगा, वह इस पुस्तक के बिना संभव नहीं होगा।
यह बात राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान, नई दिल्ली के पूर्व कुलपति एवं संस्कृत विद्वान डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी ने सोमवार को महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के सभागार में कही। वे प्रसिद्ध लेखक, संस्कृत विद्वान एवं पूर्व प्रशासक डॉ. मोहन गुप्त की पुस्तक ‘द इंडो यूरोपियन प्रॉब्लम : ए न्यू पैराडाइम, ए कंप्लीट री-लुक’ के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी की पुस्तक ‘हाईवेज एंड बाईवेज ऑफ प्राच्य विद्या’ का भी विमोचन हुआ। अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. शिव शंकर मिश्र ने की, जबकि सारस्वत अतिथि श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के कुलपति डॉ. मुरली मनोहर पाठक रहे।
डॉ. त्रिपाठी ने डॉ. मोहन गुप्त के कार्यों की तुलना बाल गंगाधर तिलक से करते हुए कहा कि तिलक ने ज्योतिषीय प्रमाणों के आधार पर वैदिक काल और इतिहास का निर्धारण किया था और डॉ. गुप्त ने उससे एक कदम आगे बढ़कर काम किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मोहनदास करमचंद गांधी के दो कदम चलने पर पूरा देश पीछे चलता था, उसी प्रकार डॉ. गुप्त के विद्वतापूर्ण कार्य इतिहासकारों और साहित्यकारों के लिए अनुकरणीय हैं। उन्होंने शेक्सपियर के अंग्रेजी नाटक मैकबेथ का परिनिष्ठित संस्कृत में अनुवाद कर सिद्धहस्त शास्त्रीय लेखक होने का परिचय दिया है।
कार्यक्रम में डॉ. मोहन गुप्त ने कहा कि आज भी विश्व के 80 प्रतिशत समाज में किसी न किसी रूप में भारतवर्ष से उपजी भाषा बोली जाती है। यूरोपीय विद्वान यह जताते रहे कि भारतीय वर्षों तक गुलाम रहे, इसलिए उनकी मेधा श्रेष्ठ नहीं हो सकती और इसी सोच के तहत उन्होंने यूरोपीय भाषाओं का होमलैंड बाहर होने की कल्पना की। उन्होंने कहा कि प्रोटो इंडियन भाषा वैदिक संस्कृत ही विश्व की सबसे प्राचीन और सर्वसंपन्न भाषा है। कुछ ध्वनियां केवल भारतीय भाषाओं में ही लिखी गई हैं, जिससे स्पष्ट है कि इनका होमलैंड भारत ही है। सभ्यता आदिकाल में भारतवर्ष में ही विकसित हुई और आर्य यहीं के थे, वे कहीं बाहर से नहीं आए।
डॉ. मुरली मनोहर पाठक ने कहा कि डॉ. गुप्त ने पाणिनि संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना में अभूतपूर्व योगदान दिया है और वे अपनी रचनाओं से संस्कृति को समृद्ध कर रहे हैं। उनके विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक को विद्वतजनों में काफी सराहना मिल रही है। कुलगुरु प्रो. शिव शंकर मिश्र ने कहा कि भारतीय इतिहास की दृष्टि से यह ग्रंथ महनीय है और इससे भारत-यूरोपीय भाषा के अध्ययन की नई शोध प्रवृत्ति विकसित होगी। मध्य प्रदेश लेखक संघ, उज्जैन के अध्यक्ष प्रो. हरिमोहन बुधौलिया ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि डॉ. गुप्त ने संस्कृत के साथ हिंदी में भी सराहनीय उपन्यास लिखे हैं।
यह ग्रंथ भारतीय ज्ञान परंपरा, वेदों से लेकर महाभारत व विष्णु पुराण तक के कालक्रम और इंडो-यूरोपियन समस्या पर नया दृष्टिकोण रखता है। इसमें पुरातत्त्व, भाषाविज्ञान, आनुवंशिकी और पुराण-साहित्य के प्रमाणों के आधार पर विषय की पुनर्व्याख्या की गई है। उज्जैन के पूर्व संभागायुक्त रहे डी.लिट्. एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. मोहन गुप्त महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति रहे हैं। संस्कृत में योगदान के लिए राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त डॉ. गुप्त एक दर्जन से अधिक पुस्तकें लिख चुके हैं। रामकथा पर आधारित उनकी हिंदी उपन्यास-त्रयी ‘अराज राज’, ‘विराज राज’ और ‘सुराज राज’ तथा ग्रह-नक्षत्रों की गणना पर आधारित शोध ग्रंथ ‘महाभारत की काल गणना’ को व्यापक सराहना मिली है।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अतिथि स्वागत पंकज मित्तल, डॉ. हरीशकुमार सिंह और डॉ. जगदीश शर्मा ने किया। इस अवसर पर नैक के चेयरमैन प्रो. नागेश्वर राव, पूर्व कुलगुरु प्रो. बालकृष्ण शर्मा, कुलानुशासक डॉ. शैलेंद्र कुमार शर्मा, डॉ. बी.के. शर्मा, डॉ. उर्मि शर्मा, डॉ. पिलकेंद्र अरोरा, डॉ. चंदर सोनाने, शशिमोहन श्रीवास्तव, डॉ. प्रीति जोशी और हरि शंकर शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। संचालन प्रो. शुभम शर्मा ने किया और आभार डॉ. तुलसीदास परोहा ने माना।



