समाज संसार

चित्रगुप्त धाम पर 29 को मनेगा दीपावली उत्सव, लगेगा छप्पन भोग

कायस्थ समाज की बैठक में तैयारियों को दिया अंतिम रूप, प्रतिभाओं का सम्मान और स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा

उज्जैन। भगवान चित्रगुप्त के प्राकट्य स्थल अंकपात स्थित श्री चित्रगुप्त धाम पर कायस्थ समाज द्वारा 29 नवंबर रविवार को दीपावली उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर अन्नकूट का आयोजन होगा।

श्री चित्रगुप्त मंदिर सार्वजनिक न्यास ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी मंगेश श्रीवास्तव ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को लेकर भारतीय ज्ञानपीठ कॉलेज में ट्रस्ट की वृहद बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता करते हुए ट्रस्ट अध्यक्ष एवं महासभा के राष्ट्रीय मंत्री अमित श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार सुबह 10 बजे से समाजजन एकत्रित होंगे। मंत्रोच्चार के साथ पांच नदियों के जल से भगवान चित्रगुप्त को स्नान कराने के पश्चात नवीन वस्त्र और पुष्पमाला धारण कराई जाएगी। इसके बाद समाजजनों द्वारा भगवान धर्मराज और चित्रगुप्त के समक्ष हवन-पूजन कर महाआरती की जाएगी।

महाआरती के पश्चात समाजजनों द्वारा अपने घरों से बनाकर लाए गए व्यंजनों का भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा और अन्नकूट होगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम में आने वाले सभी समाजजनों का अनुभवी चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों तथा पढ़ाई व कला के क्षेत्र में समाज का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। इसके लिए समाजजन शनिवार तक ट्रस्ट को नाम दे सकते हैं।

बैठक में सभी पदाधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं की अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संचालन महामंत्री भारत सक्सेना ने किया और आभार मीडिया प्रभारी मंगेश श्रीवास्तव ने माना। इस अवसर पर ट्रस्ट उपाध्यक्ष युधिष्ठिर कुलश्रेष्ठ, प्रबंध न्यासी दिनेश कुमार श्रीवास्तव, सीए डॉ. अनुभव प्रधान, अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव, नरेश श्रीवास्तव, ब्रजेश श्रीवास्तव, पल्लवी श्रीवास्तव, चेतना श्रीवास्तव, गणेश गौड़, अमित कुमार श्रीवास्तव, मंगेश श्रीवास्तव, जितेंद्र श्रीवास्तव, एडवोकेट देवेंद्र श्रीवास्तव, नवदीप कुलश्रेष्ठ, अनिल श्रीवास्तव, संदीप कुलश्रेष्ठ, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, राजेंद्र श्रीवास्तव, मदन मोहन श्रीवास्तव, प्रियांश श्रीवास्तव और शिव श्रीवास्तव ने समाजजनों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button