आगर रोड पर फ्लाईओवर की जद में 10 दुकानें, व्यापारियों ने मांगी वैकल्पिक जगह
चिमनगंज मंडी गेट के सामने स्थित दुकानदारों ने पीछे पड़ी 5 एकड़ शासकीय भूमि पर मांगा आवंटन, नगर निगम दे चुका है नोटिस

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की कार्ययोजना के तहत इंदिरा नगर चौराहा से चामुंडा माता मंदिर चौराहा तक बन रहे एलिवेटेड फ्लाईओवर की जद में आगर रोड की 10 दुकानें आ रही हैं। चिमनगंज मंडी गेट के सामने दरगाह के पास संचालित इन दुकानों पर नगर निगम की ओर से कार्रवाई का सूचना पत्र दिए जाने के बाद व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। आजीविका प्रभावित होने की आशंका जताते हुए दुकानदारों ने प्रशासन से अपनी दुकानों के ठीक पीछे स्थित करीब 5 एकड़ रिक्त शासकीय भूमि पर दुकान के आकार के अनुसार वैकल्पिक जगह आवंटित करने की मांग की है।
व्यापारियों ने बताया कि उनकी दुकानें वर्षों पुरानी हैं और पूर्व के सिंहस्थ विकास कार्यों में भी इनका हिस्सा अधिग्रहित किया जा चुका है। वर्ष 2002-03 के सिंहस्थ के दौरान दुकानों का 22 फीट और वर्ष 2014-15 में सिंहस्थ 2016 के समय 16 फीट हिस्सा लिया गया था। वर्तमान में दुकानों का आकार लगभग 2.85 मीटर चौड़ाई और 3.57 मीटर गहराई है। दुकानदारों का कहना है कि यदि इस बार दुकानें पूरी तरह हटाई जाती हैं, तो उनके सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।
व्यापारियों ने प्रशासन के समक्ष तर्क रखा कि नगर निगम ने पूर्व में कोयला फाटक और शाही मस्जिद क्षेत्र में चौड़ीकरण के दौरान प्रभावित व्यापारियों को वैकल्पिक दुकानें उपलब्ध कराई थीं। इसी आधार पर उन्हें भी पीछे खाली पड़ी शासकीय जमीन पर जगह दी जाए। दुकानदारों के अनुसार इन दुकानों से कई परिवारों और यहां काम करने वाले कर्मचारियों की आजीविका जुड़ी है। वे सिंहस्थ के विकास कार्यों में प्रशासन के साथ खड़े हैं, लेकिन विकास योजना को आगे बढ़ाने के साथ उनके पुनर्वास और रोजगार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।



