राजनीति

खड़े हनुमान जी की प्रतिमा विस्थापित करने की मंशा पर कांग्रेस ने जताया तीखा विरोध

कांग्रेस नेता हर्ष जैन ने प्रशासन पर मंदिरों को आय का स्रोत बनाने और भाजपा पर दोहरे चरित्र का लगाया आरोप

उज्जैन। श्री खड़े हनुमान जी मंदिर की प्रतिमा को विस्थापित करने की प्रशासनिक मंशा और बार-बार हो रहे प्रयासों का कांग्रेस नेता हर्ष जैन ने कड़ा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मंदिर में धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जैन ने आरोप लगाया कि धर्म और संस्कृति की नगरी उज्जैन में प्रशासन मंदिरों को आस्था के बजाय व्यवस्था और राजस्व के नजरिए से देख रहा है। महाकाल मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर विकसित किए जा रहे आय के तंत्र का हवाला देते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब प्रशासन की नजर श्री खड़े हनुमान जी मंदिर पर भी किसी नए आय-स्रोत के रूप में है।

भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करने और वोट मांगने वाली पार्टी सत्ता में आने के बाद उन्हीं राम भक्तों की भावनाओं की अनदेखी कर रही है। अयोध्या में मंदिर निर्माण के चंदे से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए जैन ने कहा कि रामभक्ति केवल भाषणों, नारों और पोस्टरों तक सीमित न रहकर आचरण व निर्णयों में भी दिखनी चाहिए। उज्जैन की जनता और हनुमान भक्त यह सब देख रहे हैं और समय आने पर आस्था के अपमान व इसके नाम पर होने वाली राजनीति का जवाब जरूर देंगे।

उन्होंने मांग की कि किसी भी योजना या कार्रवाई से पहले प्रशासन मनमाने निर्णयों के बजाय संवेदनशीलता व पारदर्शिता दिखाए और श्रद्धालुओं, संत समाज तथा संबंधित पक्षों के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

Related Articles

Back to top button